टूथपेस्ट, साबुन, शैम्पू, कॉस्मेटिक्स…..

0
10

उत्पाद शाकाहारी हैं या मांसाहारी, चिह्न बनाने अनिवार्य होंगे

केन्द्र सरकार ने टूथपेस्ट, साबुन, शैम्पू, सौंदर्य (कॉस्मेटिक्स) तथा अन्य शौचालय संबंधी उत्पादों (टॉयलेटरीज) के पैकेटों पर हरा रंग वाला या ब्राउन कलर (भूरा रंग) वाला चिह्न बनाया जाना अब अनिवार्य कर दिया है। शाकाहारी सामग्री से बने उत्पादों के पैकेटों पर यह बिन्दु हरे रंग (ग्रीन कलर) से बनाया जाएगा तो मांसाहारी सामग्री के उत्पादों पर ब्राउन कलर (भूरा रंग) वाला बिन्दु बनाना होगा।

“भारत सरकार” के उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक वितरण मंत्रालय (उपभोक्ता मामले विभाग), नई दिल्ली के द्वारा ‘भारत का राजपत्र’ (The Gazette of India), असाधारण (Extraordinary), भाग II-खण्ड 3-उप-खण्ड (i), सं. 756, में दिनांक 21 सितम्बर, 2026 को अधिसूचना प्रकाशित हुई है। जी.एस.आर. 826(E) के अनुसार ‘विधिक माप विज्ञान (पैकेज में रखी वस्तुएँ) चौथा संशोधन नियम, 2026’ [Legal Metrology (Packaged Commodities) Fourth Amendment Rules, 2026] राजपत्र में प्रकाशन की तारीख से ही प्रवृत्त हो गया है। इसके अनुसार विधिक माप विज्ञान (पैकेज में रखी वस्तुएँ) नियम 2011, के नियम 6(1) उप-नियम (4क) के, खंड (ग), के पश्चात निम्नलिखित खण्ड अन्तःस्थापित किया गया है—

“(घ) साबुन, शैम्पू, दन्त मंजन, अन्य श्रृंगार एवं प्रसाधन सामग्रियों के मामले में, उसके संप्रदर्शन पैनल के सबसे ऊपर मांसाहारी उद्भव के उत्पादों के लिए यथास्थिति लाल या भूरी बिन्दी और शाकाहारी उद्भव के उत्पादों के लिए हरी बिन्दी होगी।”

इसी के साथ उप-नियम (8) का लोप किया जाएगा।

इस प्रकार उपभोक्ताओं की चिर प्रतीक्षित भावनाओं को मद्देनजर रखकर केन्द्र सरकार ने उपभोक्ताओं के उपभोग की जाने वाली वस्तुओं के उत्पाद किन पदार्थों के आधार से निर्मित हुए हैं, इसकी पहचान सुनिश्चित करने हेतु यह उपक्रम कराया गया है।

सन्त शिरोमणि दिगम्बर जैनाचार्य 108 श्री विद्यासागर जी महामुनिराज से दीक्षित तथा विद्याभूषण शिरोमणि आचार्य 108 श्री समयसागर जी महामुनिराज के आज्ञानुवर्ती निर्यापक श्रमण मुनि 108 श्री अभयसागर जी महाराज के द्वारा भी अनेक सामाजिक, धार्मिक एवं राजनैतिक संस्थाओं, संगठनों के माध्यम से केन्द्र सरकार तक समय-समय पर जनभावनाएँ पहुँचाई जाती रहीं। मुनिश्री का प्रयास रहा कि केन्द्र सरकार ने जिस प्रकार खाद्य पदार्थों के पैकेटों के ऊपर शाकाहारी एवं मांसाहारी उत्पादों के लिए चिह्न बनाए जाना अनिवार्य किया गया है, उसी भाँति सौन्दर्य एवं प्रसाधन सामग्रियों के पैकेटों तथा दवाओं के पैकेटों के ऊपर भी ये चिह्न बनाये जाना चाहिए। भले ही खाद्य पदार्थ के रूप में आहार पूरकों (डायट्री सप्लीमेन्ट्स) के रूप में विटामिन्स एवं मिनरल्स के पैकेटों पर शाकाहारी एवं मांसाहारी लोगो वाले चिह्न बनाए जा रहे हैं, किन्तु अभी दवाओं (ड्रग्स) के पैकेटों पर ये चिह्न बनाया जाना शेष है।

समस्त भारतीय उपभोक्ताओं से अपेक्षा है कि वह अपना आभार केंद्र सरकार तक इस हेतु अवश्य प्रेषित करें। साथ ही दवाओं (ड्रग्स) के पैकेटों के ऊपर शाकाहारी एवं मांसाहारी लोगो वाले हरे तथा भूरे रंग वाले चिह्न अनिवार्यतः बनाए जाने हेतु विधिक प्रावधान यथाशीघ्र लागू कराए, ऐसा अनुरोध भी अवश्य प्रेषित करें।

– प्रेषक – मुकेश जैन ढाना, सागर, म.प्र.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here