
आगरा। श्वेतांबर स्थानकवासी जैन समाज, मोतीकटरा एवं राजामंडी जैन जागृति महिला मण्डल के संयुक्त तत्वावधान में विशाल निःशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर का सफल आयोजन आगरा में सम्पन्न हुआ। यह शिविर स्वर्गीय श्रीमान चुन्नीलाल जी ललवाणी एवं श्रीमती सुषीला देवी ललवाणी (जयपुर निवासी) की पुण्य स्मृति में आयोजित किया गया।
16 दिसम्बर 2025, मंगलवार को जैन दादाबाड़ी, शाहगंज, आगरा में प्रातः 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक नेत्र जाँच शिविर आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में रोगियों ने नेत्र परीक्षण कराया। शिविर के अंतर्गत जिला अंधता निवारण समिति, आगरा के सहयोग से साइट फर्स्ट कार्यक्रम के तहत मोतियाबिंद के रोगियों का चयन किया गया। पिछले वर्ष ओ.पी.डी. में 1200 मरीजों की जांच हुई थी।
चयनित रोगियों के मोतियाबिंद ऑपरेशन 17 से 21 दिसम्बर 2025 तक जे.जे. हॉस्पिटल एवं रिसर्च सेंटर, आगरा में निःशुल्क लेंस प्रत्यारोपण विधि से कुशल नेत्र सर्जनों द्वारा सम्पन्न कराए गए। इसके साथ ही ओ.पी.डी. जनरल चेकअप, ई.सी.जी., ब्रेन स्ट्रोक, कार्डियक एवं डायबिटीज जाँच की सुविधाएँ भी प्रदान की गई।
शिविर में विशेष सहयोग जयपुर निवासी श्री चुन्नीलाल जी ललवाणी परिवार द्वारा दिया गया। समाजजनों ने इस सेवा कार्य को मानवता और करुणा की उत्कृष्ट मिसाल बताया।


