
मेहसाणा। मेहसाणा नगर की धर्मधरा स्थित श्री सीमंधरस्वामी महातीर्थ में नवनिर्मित जिनालय के अवसर पर 1 एवं 2 दिसंबर 2025 को भव्य अंजनशलाका महोत्सव अत्यंत श्रद्धा, भक्ति एवं उल्लास के वातावरण में सम्पन्न हुआ।
यह पावन महोत्सव आचार्यदेव श्री पद्मसागर सूरीश्वरजी महाराज एवं आचार्य भगवंत श्री प्रशांतसागर सूरीश्वरजी महाराज साहेब की पावन प्रेरणा एवं निश्रा में आयोजित किया गया।
महोत्सव के दौरान प्रातःकाल मंगल कलश स्थापना, अखंड दीपक स्थापना, ध्वजारोहण, मंडप पूजन, वेदिका पूजन, श्री घंटाकर्ण पूजन–हवन जैसे विधिवत धार्मिक अनुष्ठान सम्पन्न हुए। दोपहर सत्र में श्री विद्यादेवी पूजन, भैरव पूजन, नवग्रह पूजन, अष्टमंगल पूजन एवं जलयात्रा विधानों का आयोजन किया गया।
श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या में उपस्थिति से संपूर्ण तीर्थ परिसर भक्तिमय हो उठा। यह आयोजन श्री शौरिपुरी श्वेतांबर तीर्थ ट्रस्ट, आगरा के तत्वावधान में सम्पन्न हुआ, जिसने जिनशासन की प्रभावना को और अधिक सुदृढ़ किया।




