भारत की राजधानी दिल्ली में 8 नवम्बर 2025 को एक विशेष आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम “यशोगाथा” का भव्य आयोजन होने जा रहा है। यह आयोजन तपोरत्न महोदधि पद्म पूज्य आचार्य श्रीमद् विजय हंसरत्नसूरिश्वरजी महाराजा के 180 उपवास की पुण्य स्मृति में किया जा रहा है।
इस अवसर पर भारत के उपराष्ट्रपति श्री सी. पी. राधाकृष्णन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम का मुख्य विषय “राष्ट्र… संस्कृति… धर्म… की यशोगाथा” रहेगा, जिसमें भारतीय संस्कृति, अध्यात्म और जैन धर्म के योगदान पर प्रकाश डाला जाएगा ।
कार्यक्रम का आयोजन एवं निमंत्रण श्री मंडार जैन संघ, दिल्ली द्वारा किया गया है। यह आयोजन दिल्ली के विज्ञान भवन में प्रातः 9 बजे से प्रारंभ होगा।
आचार्य श्री हंसरत्नसूरिश्वरजी महाराजा और आचार्य श्री तत्त्वदर्शनसूरिश्वरजी महाराजा की पावन निश्रा में आयोजित इस कार्यक्रम में देशभर से श्रद्धालु एवं जैन समाज के गणमान्य सदस्य बड़ी संख्या में शामिल होंगे।
कार्यक्रम के मंच संचालन का दायित्व साकेत शाह द्वारा निभाया जाएगा, जबकि संगीत संयोजन अनीश राठौड़ करेंगे। यह आयोजन जैन समाज की सांस्कृतिक जागरूकता और सामाजिक एकता का प्रतीक बनने जा रहा है।




